संगठन चुनाव से पहले ही छिनी बावनकुले की कुर्सी, रवींद्र चव्हाण बनाए गए महाराष्ट्र भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष



नागपुर : हरेश अशोक बोधा


महाराष्ट्र में भाजपा ने संगठन चुनावों से पहले राज्य ईकाई में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने डोंबिवली से विधायक रवींद्र चव्हाण का महाराष्ट्र भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभार से लागू होने की बात कही गई है। ऐसे में चंद्रशेखर बावनकुले अब अध्यक्ष नहीं रहेंगे।


भारतीय जनता पार्टी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति लिखा है कि “भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रवींद्र चव्हाण, विधायक को भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। उपरोक्त नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी”


संगठन चुनावों के प्रदेश प्रभारी भी है रवींद्र चव्हाण


महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने जब मंत्रिमंडल का विस्तार किया तो डोंबिवली से चौथी बार के विधायक रवींद्र चव्हाण को जगह नहीं दी। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि मराठा समाज से आने वाले रवींद्र चव्हाण को महाराष्ट्र भाजपा की कमान सौंपी जा सकती हैं। वहीं मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने चव्हाण को संगठन चुनावों के प्रदेश प्रभारी नियुक्त कर दिया। इसके बाद आज भाजपा ने रवींद्र चव्हाण को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है।


इस माह के अंत तक होगा प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव


बता दें भाजपा में जल्द ही महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव हो सकता है। 15 जनवरी तक सभी जिला अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और उसके बाद 20 से 25 तक प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव पूरा हो जाएगा और इसी महीने के अंत तक राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी पूरा हो जाएगा।


चंद्रशेखर बावनकुले बने मंत्री


गौरतलब है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी नीत महायुति की सरकार बन गई है। इस चुनाव में भाजपा के लिए देवेंद्र फडणवीस और चंद्रशेखर बावनकुले की जोड़ी ने कमाल किया। भाजपा ने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए राज्य में अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। देवेंद्र फडणवीस अब सरकार के मुखिया यानी मुख्यमंत्री बन चुके हैं तो वहीं प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले कैबिनेट मंत्री। ऐसे में अब संगठन में बदलाव होना तय था।








Post a Comment

Previous Post Next Post