उल्हासनगर : अधिकार फाउंडेशन की ओर से उल्हासनगर महानगरपालिका की महासभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण यूट्यूब चैनल के माध्यम से किए जाने की मांग की गई है। इस संबंध में संस्था के पदाधिकारियों ने महानगरपालिका प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को पत्र सौंपकर निवेदन किया है कि जिस प्रकार महाराष्ट्र विधानसभा तथा लोकसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण विभिन्न टीवी चैनलों एवं डिजिटल माध्यमों पर किया जाता है, उसी प्रकार उल्हासनगर महानगरपालिका की महासभा का भी लाइव प्रसारण किया जाए।
यह पत्र उल्हासनगर महानगरपालिका की आयुक्त मनीषा आव्हाले, महापौर अश्विनी कमलेश निकम, उपमहापौर अमर गोबिंदराम लुंड, आमदार कुमार आयलानी, भाजपा गट नेता राजेश वधर्या तथा शिवसेना गट नेता अरुण आशान को अधिकार फाउंडेशन के अध्यक्ष हरेश बोधा और उपाध्यक्ष जेठो चांदवानी द्वारा सौंपा गया।
अधिकार फाउंडेशन के अध्यक्ष हरेश बोधा ने बताया कि यदि महासभा की कार्यवाही का लाइव प्रसारण किया जाता है, तो शहर के आम नागरिक घर बैठे महासभा की कार्यवाही देख सकेंगे। इससे यह भी स्पष्ट रूप से सामने आएगा कि महापौर, उपमहापौर और सभी नगरसेवक शहर के विकास तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर किस प्रकार कार्य कर रहे हैं। इससे प्रशासनिक पारदर्शिता भी बढ़ेगी और नागरिकों का विश्वास मजबूत होगा।
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रक्रिया के माध्यम से महासभा की कार्यवाही का वीडियो रिकॉर्ड भी महानगरपालिका के पास सुरक्षित रहेगा, जिससे भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर संबंधित जानकारी और रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।

Post a Comment