मुंबई : हरेश अशोक बोधा
मुंबई पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी भरा संदेश भेजने के आरोप में अब एक युवती को गिरफ्तार किया है। इस बाबत पुलिस ने आज यानी रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि, आरोपी युवती की पहचान फातिमा खान के रूप में की गई है, वह अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर इलाके में रहती है।
आज पुलिस ने यह भी बताया कि, फातिमा ने सूचना प्रौद्योगिकी में बीएससी की है। वहीं उसके पिता का लकड़ी का बी कारोबार है। पुलिस ने बताया कि युवती शिक्षित है लेकिन मानसिक रूप से अस्थिर है।
जानकारी दें कि, मुंबई यातायात पुलिस के व्हॉट्सऐप पर बीते शनिवार को किसी अज्ञात नंबर से एक संदेश आया, जिसमें धमकी दी गई कि अगर आदित्यनाथ ने 10 दिन के भीतर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया तो उन्हें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता बाबा सिद्दीकी की तरह मार दिया जाएगा।
इस बाबत पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि फातिमा ने ही यह संदेश भेजा था। वहीं मुंबई आतंकवाद रोधी दस्ते (ATS) ने उल्हासनगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में युवती का पता लगाया और उसे फिर हिरासत में ले लिया।
पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच जारी रख रही है। जानकारी दें कि, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्य विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए महाराष्ट्र आ सकते हैं और इस कारण पुलिस हाईअलर्ट पर है।
गौरतलब है कि, मुंबई के बांद्रा इलाके में बीते 12 अक्टूबर को महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद से मुंबई पुलिस पर कई सवाल उठे। वहीं बीते 30 अक्टूबर को ही मुंबई की यातायात पुलिस को ही मिले एक संदेश में अभिनेता सलमान खान और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता और बाबा सिद्दीकी जीशान सिद्दीकी से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और न देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में भी एक व्यक्ति को गिरफ्तार हुआ है।
Post a Comment