उल्हासनगर : हरेश अशोक बोधा
उल्हासनगर महानगरपालिका चुनाव 2026 से पहले शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। महापालिका चुनावों के लिए आरक्षण प्रक्रिया 11 नवंबर 2025 को घोषित होनी है, और इसी के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों में उथल-पुथल शुरू हो गई है।
इसी क्रम में TOK के संगठन महासचिव एवं कोर कमिटी सदस्य आनंद शिंदे, तथा TOK राजस्थानी सेल के अध्यक्ष दिनेश छंगाणी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) से प्रकाश जाधव और सुनील सुखेजा ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में प्रवेश किया। यह प्रवेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री रवींद्र चव्हाण और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल की उपस्थिति में, कपिल अडसुल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। समारोह डोंबिवली जिमखाना में आज सुबह 11 बजे आयोजित किया गया।
कार्यकर्ताओं ने भाजपा में शामिल होने का कारण पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की कार्यशैली, संगठन का अनुशासन और कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की नीति को बताया।
समारोह में जिलाध्यक्ष राजेश वधर्या, उल्हासनगर जिला निवडणूक प्रमुख प्रदीप रामचंदानी, अमर लुंड, हरेश बोधा, मनीष हिंगोरानी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगरसेवक उपस्थित रहे।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों के अनुसार, इन नेताओं के भाजपा में शामिल होने से उल्हासनगर में आने वाले महापालिका चुनावों से पहले राजनीतिक समीकरणों में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं।



Post a Comment