प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण पर की गई टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने डीसीपी कार्यालय में सौंपा निवेदन, कार्रवाई की मांग


उल्हासनगर : भारतीय जनता पार्टी, उल्हासनगर के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शिवसेना के कमलेश निकम द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण के संबंध में की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में सोमवार को पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन गोरे को निवेदन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।


यह प्रतिनिधिमंडल आमदार कुमार आयलानी, आमदार सुलभा गायकवाड़, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वधर्या तथा जिला प्रभारी नाना सूर्यवंशी के नेतृत्व में डीसीपी कार्यालय पहुंचा। इस अवसर पर आमदार कुमार आयलानी, जिलाध्यक्ष राजेश वधर्या, नगरसेवक धनंजय बोडारे तथा राजेश वानखेड़े ने डीसीपी को विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए विभिन्न मुद्दों पर अपना पक्ष रखा।


आमदार कुमार आयलानी ने कहा कि पुराने शिवसैनिकों द्वारा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की जा रही है, जबकि कुछ नवागत लोग, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, वे समाज और राजनीतिक वातावरण में विघटन पैदा करने, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण की छवि धूमिल करने तथा उनके विरुद्ध निराधार आरोप लगाकर बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।


भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान उल्हासनगर महानगरपालिका में कथित रूप से चल रही अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं सघन जांच की भी मांग की। साथ ही महापौर एवं सचिव कार्यालय को सील कर संबंधित मामलों की जांच कराने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी गई।


इस अवसर पर उपमहापौर अमर लुंड, भाजपा वरिष्ठ नेता लाल पंजाबी, भाजपा के नगरसेवक-नगरसेविकाएं, पदाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष आव्हाड, चंद्रहार गोडसे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post