भाजपा का लक्ष्य स्पष्ट: 50+ पार और भाजपा का महापौर — रविंद्र चव्हाण : गुंडाराज से मुक्ति और व्यापारियों को संरक्षण भाजपा की प्राथमिकता



उल्हासनगर : हरेश अशोक बोधा


आगामी उल्हासनगर महानगरपालिका चुनाव के मद्देनज़र गुरुवार को भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष मा. श्री रविंद्र चव्हाण उल्हासनगर पहुंचे। टाउन हॉल में आयोजित मार्गदर्शन बैठक में उन्होंने भाजपा उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चुनावी रणनीति पर स्पष्ट दिशा दी तथा नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सभी में नया जोश भरा।


प्रदेश अध्यक्ष श्री चव्हाण ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हर घर तक पहुँचें और जनता को यह विश्वास दिलाएं कि भाजपा ही उल्हासनगर का भविष्य है। उन्होंने स्पष्ट लक्ष्य रखते हुए कहा कि इस बार मनपा में अधिक से अधिक सीटें जीतकर भाजपा का महापौर बनाना है।


उन्होंने जानकारी दी कि पार्टी के आंतरिक सर्वे के अनुसार इस बार उल्हासनगर मनपा में भाजपा के 50 से अधिक नगरसेवक चुने जाने की प्रबल संभावना है। चुनाव में अभी 15 दिन शेष हैं, ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को दिन-रात एक कर पूरी ताकत से मैदान में उतरने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, “कार्यकर्ताओं के सम्मान और पार्टी की विचारधारा के लिए यह चुनाव जीतना अत्यंत आवश्यक है।”


प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि उल्हासनगर को गुंडाराज से मुक्त कर व्यापारियों को संरक्षण देना भाजपा की प्राथमिकता है। इस दिशा में उन्होंने आमदार कुमार आयलानी को विशेष जिम्मेदारी सौंपी कि वे शहर के सभी व्यापारियों से संवाद कर भाजपा को समर्थन देने की अपील करें और स्वार्थी राजनीति करने वाली ताकतों को बेनकाब करें।


इस अवसर पर प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष चित्राताई वाघ, आमदार कुमार आयलानी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वधर्या, प्रदीप रामचंदानी, मनोहर खेमचंदानी, पूर्व महापौर श्रीमती मीना कुमार आयलानी, वरिष्ठ नेता लाल पंजाबी, अमर लुंड, अर्चना करणकाळे, लक्की नाथानी, प्रशांत पाटील, मंगला चांडा, विनोद गोवानी तथा भाजपा मीडिया प्रमुख हरेश बोधा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।


ठाकरे गुट को झटका


इस कार्यक्रम के दौरान ठाकरे गुट की शीतल देवरुखकर सहित अनेक व्यापारियों ने भाजपा में प्रवेश कर पार्टी को अपना समर्थन दिया, जिससे शहर की राजनीतिक तस्वीर और मजबूत होती नजर आई।





Post a Comment

Previous Post Next Post